नरसिंहपुर! 5 जून 2026
गाडरवारा, नरसिंहपुर। डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर की निवासी अतर बाई कोरव ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को आवेदन सौंपकर शासकीय भूमि पर कथित अवैध उत्खनन का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार 29 मई 2026 को उनके मकान से लगी शासकीय भूमि पर जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई और परिवहन किया जा रहा था। अतर बाई का कहना है कि जब उन्होंने उक्त कार्य का विरोध किया तो कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और कथित रूप से मारपीट की।
पीड़िता ने अपने आवेदन में भैयाजी पिता झलकन कोरव, कुंदीलाल, नन्ही बाई कोरव, संगीता कोरव एवं आरती कोरव के नाम का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया है कि इन लोगों ने उन्हें शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। घटना के बाद 112 डायल की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
अतर बाई का आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है और न ही आरोपितों के विरुद्ध कोई कार्रवाई हुई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, एफआईआर दर्ज करने तथा शासकीय भूमि पर हुए कथित अवैध उत्खनन की भी जांच कराने की मांग की है।









