नरसिंहपुर ! 27 सितम्बर 2026
गाडरवारा। गणेश विसर्जन के दौरान शक्कर नदी में एक हादसा सामने आया है। थाना डोंगरगांव क्षेत्र के ग्राम अंतर्गत शक्कर नदी में विसर्जन के लिए पहुंचे युवकों में से तीन युवक नदी में डूब गए। इनमें से दो युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक युवक अभी भी लापता बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना कल दोपहर करीब 2 बजे की है। ग्राम बारांझ, चौकी सिहोरा क्षेत्र से कुछ युवक गणेश विसर्जन के लिए घाट पिपरिया स्थित शक्कर नदी पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान तीन युवक नदी में डूब गए। दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक युवक का अब तक पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नदी में लगातार तलाश की जा रही है।
लापता युवक की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य आधिकारिक जानकारी पुलिस की ओर से पुष्टि के बाद स्पष्ट हो सकेगी।








