नरसिंहपुर। 18 अक्टूबर 2026 नवरात्रि पर्व के दौरान नरसिंहपुर पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिल रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में माता रानी के पंडालों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस मुस्तैदी से निगरानी रख रही है।
त्योहार के दौरान मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने, हुड़दंग मचाने और बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर आम नागरिकों को परेशान करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपना रही है। ऐसे मामलों में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को थानों में खड़ा कराया जा रहा है।
पुलिस की सक्रियता से श्रद्धालुओं और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो रही है। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को भी स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि सड़कों पर लापरवाही और हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नवरात्रि जैसे धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है। नरसिंहपुर पुलिस की इस पहल को सराहनीय माना जा रहा है।
पोल खोल न्यूज का मानना है कि पुलिस की ऐसी सक्रियता पूरे वर्ष बनी रहनी चाहिए, ताकि शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर आम नागरिक सुरक्षित एवं भयमुक्त होकर आवागमन कर सकें।
सौरभ सिंह प्रताप राठौर | पोल खोल न्यूज, नरसिंहपुर
देखिए पूरी खबर पोल खोल न्यूज पर।








