नरसिंहपुर। 28 सितम्बर 2026 ठेमी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंदरई में बीती रात एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजा कछार निवासी सत्येंद्र पटेल पिता गुलजार सिंह पटेल के रूप में बताई जा रही है।
परिजनों के बताए अनुसार, सत्येंद्र पटेल रिछा गांव से वापस लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम गुंदरई में एक बिना नंबर प्लेट वाली बोलेरो द्वारा उसका पीछा किए जाने की बात सामने आई है। बताया गया कि ओमप्रकाश पटेल के पेट्रोल पंप के पास बोलेरो सवारों ने आगे वाहन लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया।
परिजनों के अनुसार, डर के चलते सत्येंद्र खेत की ओर भाग गया। इसी दौरान वह सर्वे नंबर 95/5, भूमि स्वामी ओमप्रकाश पिता फूलसिंह के खेत में विद्युत प्रवाहित तारों की चपेट में आ गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। बोलेरो सवारों द्वारा पीछा किए जाने और घटना के बीच क्या संबंध था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पोलखोल न्यूज़ | खबर की पुष्टि और पुलिस जांच के आधार पर आगे की जानकारी अपडेट की जाएगी।








