नरसिंहपुर। 5 सितंबर 2026 जिलेभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक मंदिरों और घरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर आकर्षक झांकियां सजाई गईं और रात में मंदिरों सहित विभिन्न स्थानों पर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे गूंजते रहे।
जन्माष्टमी के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें युवाओं के साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई स्थानों पर नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के मनमोहक रूप में नजर आए।
पटेल कॉलोनी में हुआ मटकी फोड़ कार्यक्रम
शहर के मुशरान वार्ड स्थित पटेल कॉलोनी की गली नंबर-2 में भी जन्माष्टमी पर्व पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय रहवासियों और युवाओं के सहयोग से आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान कॉलोनी में उत्सव जैसा माहौल रहा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। नन्हे बालक भगवान श्रीकृष्ण के रूप में बांसुरी थामे नजर आए, वहीं बच्चियों ने राधा रानी का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और प्रस्तुतियों से पूरा माहौल कृष्णमय हो गया।
बच्चों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में शामिल बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए उन्हें शील्ड और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कॉलोनी सदस्यों द्वारा खुशी श्रीवास्तव को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य प्रतिभागी बच्चों को भी उपहार एवं शील्ड भेंट की गईं।
जन्माष्टमी के इस आयोजन ने बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं को बढ़ावा देने के साथ ही कॉलोनीवासियों को एकजुट होकर पर्व मनाने का अवसर दिया।








