*करकबेल मारपीट कांड का फरार आरोपी जबलपुर से गिरफ्तार, बोलेरो भी जब्त!*

नरसिंहपुर। 1  जुलाई 2026  थाना ठेमी अंतर्गत करकबेल में हुई मारपीट की घटना में फरार चल रहे आरोपी दीपक लोधी को नरसिंहपुर पुलिस ने जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, करकबेल निवासी फरियादी जयहिंद सूर्यवंशी की रिपोर्ट पर थाना ठेमी में प्रदीप कौरव के साथ हुई मारपीट के मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दीपक लोधी फरार हो गया था।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गोटेगांव मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार तलाश की।

जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर में छिपा हुआ है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी बरामद कर जब्त किया गया।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी किन-किन स्थानों पर छिपकर रहा। मामले की विवेचना जारी है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!