नरसिंहपुर।28 जून 2026 जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के लिए शनिवार को जिला स्तरीय जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कलेक्टर रजनी सिंह के निर्देशन में आयोजित रैली को जिला चिकित्सालय परिसर से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश एवं सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजकुमार चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली जिला चिकित्सालय से सुभाष पार्क चौराहे तक निकाली गई, जिसमें विभिन्न नर्सिंग महाविद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। “दो बूंद जिंदगी की” और “हर बच्चा, हर बार–पोलियो की दो बूंद जरूर” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में रविवार आज 28 से 30 जून 2026 तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जन्म से 5 वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएगी, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनय ठाकुर के अनुसार जिले में 1 लाख 58 हजार 945 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1,356 टीमें, 2,712 स्वास्थ्यकर्मी, 159 सुपरवाइजर तथा 59 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। जिलेभर में 983 बी-टाइप और 260 सी-टाइप पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे जन्म से 5 वर्ष तक के अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।








