नरसिंहपुर। 27 जून 2026 पोलियो जैसी गंभीर एवं दिव्यांगता का कारण बनने वाली बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिले में 28 से 30 जून 2026 तक विशेष पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जन्म से 5 वर्ष तक की आयु के 1 लाख 58 हजार 945 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दवा पिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। अभियान के दौरान गांवों, शहरी वार्डों, आंगनवाड़ी केंद्रों, शासकीय अस्पतालों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हाट-बाजार सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पोलियो की दवा निःशुल्क पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस आवश्यक खुराक से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार भारत पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में आवागमन के कारण वायरस के संक्रमण की आशंका बनी रहती है। इसलिए प्रत्येक बच्चे को समय पर पोलियो की दवा पिलाना बेहद जरूरी है।
कलेक्टर रजनी सिंह एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे जन्म से 5 वर्ष तक के अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाएं और इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि सभी के सहयोग से ही जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित नहीं रहेगा और स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प मजबूत होगा।








