नरसिंहपुर। 20 जून 2026 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के दिव्य संस्कार भवन में योग एवं राजयोग साधना का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान के सदस्य, योग प्रशिक्षक एवं नगर के बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक योगाभ्यास से हुआ। इस अवसर पर योगाचार्य श्रीमती सुनीता राजपूत, योगाचार्य यूनुस खान, ब्रह्माकुमारी कुसुम दीदी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
जिला संचालिका ब्र.कु. कुसुम दीदी ने योग के वास्तविक स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा का परमात्मा से मिलन है। उन्होंने राजयोग को वर्तमान समय की सबसे आवश्यक आध्यात्मिक साधना बताते हुए कहा कि इसके नियमित अभ्यास से मानसिक शांति, आत्मबल, धैर्य, सहनशक्ति एवं सकारात्मक सोच का विकास होता है।
कार्यक्रम में योगाचार्य सुनीता राजपूत, आस्था योग संस्थान के योगाचार्य यूनुस खान एवं उनकी टीम तथा काया इंटरनेशनल योग स्टूडियो की संचालिका इंदू सिंह ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। वहीं ब्रह्माकुमारी किरण बहन ने उपस्थित साधकों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। अंत में ब्र.कु. कुसुम दीदी ने सभी आमंत्रित अतिथियों को ईश्वरीय सौगात एवं प्रभु प्रसाद भेंट कर आभार व्यक्त किया।








