नरसिंहपुर ! 18 जून 2026
गाडरवारा। नगर के जगदीश वार्ड में लाखों रुपये की लागत से बन रहे नाला निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय रहवासियों ने आरोप लगाया है कि निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा और घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे नाले की मजबूती प्रभावित हो रही है।
रहवासियों का कहना है कि निर्माण में सीमेंट, गिट्टी और सरिया का अनुपात मानकों के अनुरूप नहीं रखा जा रहा। कई स्थानों पर निर्माण में दरारें और कमजोर संरचना भी दिखाई दे रही है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई, तो लाखों रुपये की लागत से बन रहा यह नाला बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से कई बार की गई। एई सत्यम जाट और इंजीनियर विशाल राठौर ने निरीक्षण के दौरान निर्माण में खामियां मिलने पर ठेकेदार को गुणवत्ता सुधारने के निर्देश भी दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा मनमाने ढंग से निर्माण कार्य जारी रखा जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात से पहले निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
उनका कहना है कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।
वहीं, इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कैमरे के सामने कोई प्रतिक्रिया देने से परहेज किया।








