*’गांव हरा-भरा क्यों नहीं?’ जागरूक युवक पहुंचा पोलखोल स्टूडियो, पंचायत पर उठाए सवाल!*

नरसिंहपुर। 17  जून 2026 जनपद पंचायत नरसिंहपुर ग्राम पंचायत चीलाचौंनकलां निवासी 30 वर्षीय लवकेश पटैल मंगलवार, 16 जून को पोलखोल स्टूडियो पहुंचे और अपने गांव की सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि गांव में सड़क किनारे बनी नाली कई वर्षों से चोक पड़ी है, जिससे गंदगी फैली रहती है और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

लवकेश पटैल ने बताया कि उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत के सचिव और सरपंच से नाली की सफाई कराने की मांग की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद पंचायत के जिम्मेदार लोग उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हैं, लेकिन नाली की सफाई और गांव की स्वच्छता के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।

 

उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले गांव का एक बालक इसी जर्जर और चोक नाली में गिरकर घायल हो गया था। इसके बावजूद पंचायत द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

 

समस्या के समाधान की मांग को लेकर लवकेश पटैल मंगलवार को अकेले नरसिंहपुर पहुंचे और जिला जनसुनवाई में लिखित शिकायत सौंपकर नाली की सफाई एवं गांव में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने की मांग की।

 

पोलखोल स्टूडियो में अपनी बात रखते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि जब शासन स्वच्छ और हरित गांव बनाने की बात करता है, तो उनका गांव आज भी गंदगी और जाम नालियों की समस्या से क्यों जूझ रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!