*ग्राम जोहरिया में सरपंच पर मारपीट व धमकी के आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार!*

नरसिंहपुर।13 जून 2026 जिले  के करेली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोहरिया निवासी फरजाना पति समीम खान ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर गांव की सरपंच पर मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

आवेदन के अनुसार, 11 जून 2026 को पंचायत के एक निर्माण कार्य के दौरान उपयोग किए जा रहे मसाले को लेकर फरजाना और सरपंच सरोज बाई ठाकुर के बीच विवाद हो गया। फरजाना का आरोप है कि कहासुनी के दौरान सरपंच ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा मारपीट की।

 

पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद वह शिकायत दर्ज कराने करेली थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत करा दिया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। फरजाना ने आरोप लगाया है कि इसके बाद से सरपंच द्वारा उसे और उसके परिवार को लगातार धमकाया जा रहा है।

 

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उसके पति दिव्यांग हैं और उनका मजाक उड़ाया जा रहा है। साथ ही परिवार को झूठे प्रकरण में फंसाने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

 

फरजाना ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

फिलहाल मामले में दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। पुलिस द्वारा जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!