नरसिंहपुर, 5 जून 2026। जिले में एक लेन-देन विवाद के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। बेलखेड़ा निवासी मोतीलाल पटेल ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को शिकायत आवेदन सौंपकर एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि 55 हजार रुपये के लेन-देन से शुरू हुआ विवाद अब लाखों रुपये की मांग और कथित धमकियों तक पहुंच गया है।
शिकायत में मोतीलाल पटेल ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति ने उनसे पूर्व में 55 हजार रुपये उधार लिए थे। बाद में 2 जून 2026 को उन्हें फोन कर मिलने के लिए बुलाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, वहां कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे और उन्हें शराब पिलाई गई। इसके बाद कथित रूप से उनके साथ जुआ खेला गया तथा नशे की स्थिति का फायदा उठाकर उन पर 4 लाख रुपये का कर्ज चढ़ा दिया गया।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद लगातार फोन कर उक्त राशि की मांग की जा रही है तथा पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं। शिकायतकर्ता ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की है।
इसी बीच, मामले से जुड़ी बताई जा रही एक बातचीत का ऑडियो भी सामने आया है, जिसकी क्षेत्र में चर्चा हो रही है। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और इसकी जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा किया जाना बाकी है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित वैधानिक कार्रवाई करने तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोप एक पक्ष के दावे हैं। दूसरे पक्ष का पक्ष सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है। पुलिस जांच और आधिकारिक तथ्यों के आधार पर ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
(नोट: समाचार शिकायत आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।)








