“HPV वैक्सीन को लेकर अफवाहों से बचें, यह पूरी तरह सुरक्षित”, डॉ. रिपुदमन!”

नरसिंहपुर | 14 मार्च 2026

पोलखोल न्यूज़
सोशल मीडिया पर इन दिनों HPV वैक्सीन को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बन रही है। इन भ्रामक दावों को लेकर जिला चिकित्सालय के डॉक्टर डॉ. रिपुदमन ने साफ शब्दों में कहा है कि HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसे लेकर फैल रही कई बातें गलत और भ्रामक हैं।

पोलखोल न्यूज़ से बातचीत में डॉ. रिपुदमन ने बताया कि यह वैक्सीन खासतौर पर महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय मुख कैंसर) से बचाने के लिए लगाई जाती है। दुनिया भर में इस वैक्सीन का उपयोग कई वर्षों से किया जा रहा है और इसे कैंसर से बचाव का एक प्रभावी माध्यम माना जाता है।

उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन लगभग एक दशक से अधिक समय से महिलाओं को लगाई जा रही है, और जिन बच्चियों को पहले यह वैक्सीन लगी थी वे अब वयस्क हो चुकी हैं। अब तक इसके किसी गंभीर दुष्प्रभाव की पुष्टि नहीं हुई है।

डॉ. रिपुदमन ने कहा कि यदि यह वैक्सीन 14 से 15 वर्ष की आयु के बीच बच्चियों को लगाई जाए तो यह सबसे अधिक प्रभावी रहती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोग यह अफवाह फैला रहे हैं कि इस वैक्सीन से बांझपन या गंभीर बीमारी हो सकती है, जबकि इसका कोई भी वैज्ञानिक आधार नहीं है।

उन्होंने यह भी बताया कि बाजार में कुछ निजी एजेंसियां अपने उत्पादों की मांग बढ़ाने के लिए इस प्रकार का भ्रामक प्रचार करती हैं, जिससे लोगों में अनावश्यक डर और भ्रम पैदा होता है।

डॉ. रिपुदमन ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट बातों पर विश्वास न करें और स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए डॉक्टर या स्वास्थ्य विभाग से ही सही जानकारी प्राप्त करें।

उन्होंने कहा, “HPV वैक्सीन सुरक्षित है, प्रभावी है और महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए अफवाहों से दूर रहें और सही जानकारी के साथ जागरूक बनें।”

देखिए पूरी बातचीत पोलखोल न्यूज़ पर… 🎥

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!