*शराब के खिलाफ शिकायत के बाद महिला को मकान खाली करने का दबाव? राजवाला जाट ने पति-बच्ची की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता!*

नरसिंहपुर ! 1 अक्टूबर 2026
बचई। ग्राम बचई में कथित अवैध कच्ची शराब की शिकायत को लेकर महिलाओं द्वारा प्रशासन के समक्ष आवाज उठाए जाने के बाद अब मामले में एक नया विवाद सामने आया है। शिकायत करने वाली महिलाओं का नेतृत्व करने वाली राजवाला जाट ने अपने पति और बच्ची की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए धमकियां मिलने और मकान खाली करने का दबाव बनाए जाने के आरोप लगाए हैं।

बताया गया कि मंगलवार 29 तारीख को बचई ग्राम की कई महिलाएं शराब की समस्या को लेकर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची थीं। महिलाओं ने शिकायत में बताया था कि गांव में शराब की वजह से कई परिवारों में घरेलू विवाद और अन्य समस्याएं पैदा हो रही हैं। कुछ महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया था कि उनके पति शराब के नशे में मारपीट करते हैं, घर के जेवर बेच देते हैं तथा शराब और गाली-गलौज के कारण परिवारों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

इसी शिकायत के बाद बुधवार को अधिकारियों की एक टीम द्वारा बचई पहुंचकर मामले की जांच किए जाने की बात राजवाला जाट ने कही है। उनके अनुसार शुक्रवार को भी एक टीम के गांव पहुंचने की जानकारी है।

राजवाला जाट का आरोप है कि शिकायत और जांच की कार्रवाई के बाद अब उन पर मकान खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है। राजवाला पिछले करीब 14 वर्षों से अजय पटेल, जो सेवानिवृत्त शिक्षक बताए गए हैं, के मकान में अपने परिवार के साथ रह रही हैं। उनका कहना है कि मकान मालिक पर कुछ लोगों द्वारा मकान खाली कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

राजवाला ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें और उनके पति बबलू जाट, जो बचई शुगर मिल में इंजीनियर हैं, को धमकियां दी जा रही हैं। उनका कहना है कि शिकायत के बाद इस तरह का दबाव बनाए जाने से वह और उनका परिवार भयभीत है!

“इस समय मकान खाली कराने का दबाव बनाया जाना समझ से परे है। मुझे, मेरे पति और बच्ची की सुरक्षा की चिंता है,” राजवाला ने कहा। उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी देंगी और परिवार की सुरक्षा की मांग करेंगी।

राजवाला जाट गुरुवार 1 अक्टूबर को अपने पति बबलू जाट और बच्ची के साथ पोलखोल के स्टूडियो पहुंचीं, जहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस एवं प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकियों और मकान खाली कराने के कथित दबाव के पीछे कौन लोग हैं और शराब संबंधी शिकायतों में लगाए गए आरोपों में कितनी सत्यता है।

देखिए पोलखोल के स्टूडियो में राजवाला जाट ने 22 मिनट के वीडियो में क्या-क्या बताया।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर: सिंहपुर बड़ा की बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, सालों से निवासरत परिवारों ने मांगे आवासीय पट्टे! जनसुनवाई में उठी आवासीय पट्टे की मांग, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील। 📹 पूरी खबर देखिए- पोलखोल न्यूज़ पर।

error: Content is protected !!