नरसिंहपुर। 2 अक्टूबर 2026 शहर में सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित गोवंश को लेकर नगर पालिका द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वहीं नवरात्रि पर्व के दौरान लगने वाले पंडालों को लेकर टेंट हाउस संचालकों को भी आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
इन दोनों मुद्दों के साथ-साथ चर्चित स्टेशन रोड की सड़क को लेकर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) गजेंद्र सिंह लोधी ने पोलखोल से बातचीत में स्थिति स्पष्ट की।
CMO गजेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि 1 अक्टूबर से सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर में निराश्रित गोवंश को पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए करेली, गोटेगांव और शहर से काऊ कैचर बुलाकर विशेष दल गठित किया गया। अभियान के दौरान अब तक लगभग 30 से 32 निराश्रित गोवंश को पकड़कर तिंदनी स्थित गौशाला भेजे जाने की जानकारी CMO ने दी।
नवरात्रि पंडालों को लेकर टेंट हाउस संचालकों को निर्देश
नवरात्रि पर्व के दौरान शहर में जगह-जगह पंडाल लगाए जा रहे हैं।
CMO ने बताया कि टेंट हाउस संचालकों को पंडाल लगाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पंडाल और टेंट लगाने के लिए सड़क या अन्य स्थानों पर पाइप आदि लगाते समय पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त न हो, इसका ध्यान रखने को कहा गया है।
लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की बात भी कही गई है।
स्टेशन रोड की सड़क को लेकर क्या बोले CMO?
शहर के चर्चित स्टेशन रोड रेलवे ब्रिज का निर्माण ब्रिज कॉर्पोरेशन द्वारा कराया जा रहा है। CMO ने बताया कि ब्रिज के सामने का क्षतिग्रस्त मार्ग कायाकल्प योजना के तहत बनाया जाना स्वीकृत है, लेकिन योजना को भोपाल स्तर से रिवाइज नहीं किया जा सका है, जिसके चलते फिलहाल सड़क का काम रुका हुआ है।
CMO के अनुसार, भोपाल से स्वीकृति प्राप्त होते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
आवारा गोवंश पर कार्रवाई, नवरात्रि पंडालों को लेकर टेंट हाउस संचालकों के लिए निर्देश और स्टेशन रोड की सड़क को लेकर नगर पालिका की क्या योजना है- देखिए CMO गजेंद्र सिंह लोधी से पोलखोल की खास बातचीत।








