भोपाल। नरसिंहपुर! 4 जून 2026 राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन चलाया जा रहा है। आंदोलन को प्रभावी, अनुशासित एवं एकरूप बनाए रखने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध कार्ययोजना जारी की गई है, जिसके तहत सभी जिलों में एक समान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आंदोलन के प्रथम चरण में कर्मचारियों ने NHM द्वारा जारी अप्रेजल (Appraisal) संबंधी आदेशों की सांकेतिक प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज किया जाएगा । इसके बाद जनसेवा और जनसमर्थन प्राप्त करने के उद्देश्य से विभिन्न जिलों में प्याऊ लगाकर आम नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराया जायेगा ।
आंदोलन के अगले चरणों में शासन-प्रशासन की सद्बुद्धि एवं कर्मचारियों की मांगों के न्यायपूर्ण निराकरण की कामना के साथ सुंदरकांड पाठ एवं प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया अभियान के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत किया जाएगा तथा हस्ताक्षर अभियान चलाकर आमजन का समर्थन जुटाया जाएगा।
आंदोलन के अंतिम चरण में शासन-प्रशासन का ध्यान कर्मचारियों की समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए प्रतीकात्मक रूप से “भैंस के आगे बीन” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किए जाने की अपील की जाएगी।
प्रदेश पदाधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया आंदोलन को व्यापक और प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसे प्रतिदिन की गतिविधियों में शामिल किया गया है। उनका मानना है कि इससे कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ेगी और आंदोलन को जनसमर्थन भी प्राप्त होगा।
इस कार्ययोजना पर प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र यदुवंशी, प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र भदौरिया एवं प्रदेश संयोजक विजय ठक्कर के हस्ताक्षर हैं।








