*कोटवारों को भी किसान आईडी में शामिल करने की मांग, खाद संकट का उठाया मुद्दा!*

नरसिंहपुर, 4 जून 2026।
कोटवार वेलफेयर सोसायटी संघ, भोपाल (मध्यप्रदेश) ने जिला कलेक्टर नरसिंहपुर को ज्ञापन सौंपकर जिले के सभी सेवा भूमिधारी ग्राम कोटवारों को भी अन्य भूमिधारी किसानों की तरह फार्मर आईडी (किसान आईडी) में शामिल किए जाने की मांग की है।

संघ की ओर से दिए गए आवेदन में बताया गया है कि वर्तमान में जिले में फार्मर आईडी बनाने और उसे भूमि रिकॉर्ड से लिंक करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसके बाद किसानों को ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद (यूरिया, डीएपी आदि) उपलब्ध कराया जा रहा है।

लेकिन कोटवारों का कहना है कि उनकी फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनाई जा रही है, जिसके कारण उन्हें खाद प्राप्त करने में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कोटवारों को मालगुजारी काल से लेकर राज्य गठन के बाद शासन द्वारा भूमि दी गई है, जिस पर वे कृषि कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। कोटवारों का कहना है कि उन्हें पद के बदले केवल नाममात्र का मानदेय मिलता है, ऐसे में खेती पर ही उनकी आजीविका निर्भर है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराया गया तो कोटवारों को कृषि कार्य और शासकीय दायित्व दोनों निभाने में कठिनाई होगी, जिससे उनके सामने जीवन-यापन का संकट उत्पन्न हो सकता है।

अब इस मामले में प्रशासन की ओर से आगे क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

 

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर: सिंहपुर बड़ा की बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, सालों से निवासरत परिवारों ने मांगे आवासीय पट्टे! जनसुनवाई में उठी आवासीय पट्टे की मांग, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील। 📹 पूरी खबर देखिए- पोलखोल न्यूज़ पर।

error: Content is protected !!