नरसिंहपुर । 20 नवंबर 2026 बार-बार समझाइश देने के बावजूद कुछ संस्थाओं द्वारा सोशल मीडिया पर दूसरों की मेहनत से तैयार खबरों, वीडियो और स्क्रिप्ट का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आ रहा है। पोलखोल न्यूज़ की ओर से अब ऐसे संस्थानों को अंतिम चेतावनी दी गई है, जो बिना अनुमति वीडियो डाउनलोड कर, मूल क्रेडिट हटाकर या अपनी संस्था का लोगो लगाकर खबरें प्रसारित कर रहे हैं।
पोलखोल की ओर से स्पष्ट किया गया है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, वेबसाइट, शुरू ऐप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित खबरों, वीडियो फुटेज, स्क्रिप्ट और अन्य मौलिक कंटेंट का इस्तेमाल बिना अनुमति करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से वीडियो डाउनलोडर के माध्यम से वीडियो निकालकर उसमें अपनी संस्था का लोगो लगाना और मूल मेहनत व पहचान को छिपाना गंभीर आपत्ति का विषय है।
पोलखोल का कहना है कि खबर तैयार करने में रिपोर्टिंग, मौके पर पहुंचना, जानकारी जुटाना, वीडियो रिकॉर्ड करना, स्क्रिप्ट लिखना और संपादन करना जैसी मेहनत शामिल होती है। किसी दूसरे संस्थान के तैयार कंटेंट को उठाकर अपनी संस्था के नाम से प्रसारित करना पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों और रचनात्मक अधिकारों का सम्मान नहीं है।
वहीं कुछ खबरों में बब्लू चौधरी की आवाज का इस्तेमाल होता है, जिसके लिए पोलखोल द्वारा भुगतान किया जाता है। ऐसे कंटेंट को भी बिना अनुमति डाउनलोड कर पुनः प्रसारित करना उचित नहीं है।
पोलखोल की ओर से साफ संदेश दिया गया है कि अब तक समझाइश को प्राथमिकता दी गई, लेकिन यदि इसके बाद भी बिना अनुमति खबरों, वीडियो, स्क्रिप्ट अथवा ऑडियो का इस्तेमाल जारी रहता है, तो संबंधित संस्थानों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
यह आखिरी चेतावनी है। यदि किसी संस्था को पोलखोल की खबर, वीडियो या अन्य कंटेंट का उपयोग करना है, तो पहले अनुमति लें और निर्धारित क्रेडिट व शर्तों का पालन करें। अन्यथा अपने कंटेंट के अधिकारों की रक्षा के लिए पोलखोल कानूनी कदम उठाने के साथ-साथ ऐसे मामलों को सार्वजनिक रूप से भी सामने लाएगा।
खबर मेहनत से बनती है, डाउनलोड करके पत्रकारिता नहीं होती।
पोलखोल न्यूज़
निष्पक्ष • निर्भीक | जनता की आवाज़, आपके साथ








