नरसिंहपुर। 19 नवंबर 2026
शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाने वाला अटल पथ अब रात के समय स्टंटबाजी का अड्डा बनता नजर आ रहा है। जिस अटल पथ को शहर के बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों के टहलने तथा शांत वातावरण में समय बिताने के लिए विकसित किया गया है, वहां रात होते ही असामाजिक गतिविधियों और लापरवाही भरी वाहन चालकों की हरकतों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पोल खोल को एक दर्शक ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर एक वीडियो उपलब्ध कराया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो नरसिंहपुर के अटल पथ का है। वीडियो में हेलमेट पहने एक युवक रात के समय मोटरसाइकिल को एक पहिए पर उठाकर सड़क पर स्टंट करता दिखाई दे रहा है। युवक का यह करतब न केवल उसकी अपनी जान के लिए खतरा है, बल्कि वहां मौजूद अन्य राहगीरों और नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी पोल खोल ने अटल पथ पर हुए एक हादसे का मामला सामने लाया था। रात के समय किसी अज्ञात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए वहां लगा एक खंभा उड़ा दिया था।
गनीमत रही कि उस समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। खंभा घटनास्थल से करीब 20 फीट दूर पड़ा मिला था और मौके पर चार पहिया वाहन के टायरों के निशान भी दिखाई दिए थे।
अब ताजा वीडियो सामने आने के बाद अटल पथ की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या यहां पर्याप्त CCTV कैमरे लगे हैं? क्या रात के समय पुलिस या सुरक्षाकर्मियों की नियमित निगरानी होती है? आखिर सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की स्टंटबाजी पर रोक लगाने की जिम्मेदारी किसकी है?
पोल खोल का सवाल: क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? अटल पथ पर CCTV कैमरे, नियमित पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना अब जरूरी हो गया है।
युवाओं से भी अपील है कि सड़क को स्टंट का मैदान न बनाएं। कुछ सेकंड का रोमांच जिंदगी भर का पछतावा बन सकता है।
नोट: वीडियो दर्शक द्वारा उपलब्ध कराया गया है। इसकी स्वतंत्र पुष्टि एवं संबंधित युवक की पहचान नहीं हुई है। प्रशासन और पुलिस का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।








