नरसिंहपुर, 19 अक्टूबर 2026। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने जिले में राजस्व विभाग में कथित भ्रष्टाचार, गौशालाओं में अव्यवस्थाओं और गौवंशों की मौत के मामलों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जबलपुर संभाग प्रभारी बाबू पटेल ने सोमवार को कलेक्टर नरसिंहपुर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिले में राजस्व विभाग के अंतर्गत आम नागरिकों और किसानों के कामकाज को लेकर पटवारियों सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप सोशल मीडिया पोस्ट और समाचार पत्रों के माध्यम से सामने आ रहे हैं। संगठन ने इन मामलों को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
गौशालाओं की व्यवस्थाओं और गौवंशों की मौत की जांच की मांग
भारतीय किसान यूनियन ने जिला पंचायत के अंतर्गत संचालित गौशालाओं में अव्यवस्थाओं और गौवंशों की मौत से संबंधित सामने आ रहे समाचारों पर भी चिंता जताई है।
संगठन ने प्रशासन से गौशालाओं की व्यवस्थाओं की जांच कराने तथा गौवंशों की मौत के मामलों में जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
गन्ना कटाई शुरू होने से पहले किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग
ज्ञापन में आगामी गन्ना कटाई सीजन को देखते हुए शुगर मिल प्रबंधन और गन्ना किसानों के बीच समन्वय बैठक आयोजित कराने की मांग भी की गई है। संगठन का कहना है कि गन्ना कटाई का कार्य शुरू होने से पहले किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर उनका समाधान किया जाना चाहिए, ताकि किसानों को सीजन के दौरान परेशानियों का सामना न करना पड़े।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने प्रशासन की देखरेख में शुगर मिल प्रबंधकों और किसानों के बीच बैठक आयोजित कर समस्याओं के निराकरण के लिए उचित कार्ययोजना बनाने का आग्रह किया है।








