*बीटीआई स्कूल में पोलखोल की ग्राउंड रिपोर्ट! कौन शिक्षक स्कूल से नदारद, फिर भी रजिस्टर में उपस्थित? स्कूल की बदहाली की पूरी तस्वीर, पत्रकार संजय मेहरा, पार्षद सौरभ ठाकुर भी रहे साथ!*

नरसिंहपुर। 4 अक्टूबर 2026 शिक्षा मंत्री के गृह जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों के बीच नरसिंहपुर के पुराने बीटीआई प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला की स्थिति कई सवाल खड़े करती नजर आ रही है। स्कूल की बदहाल व्यवस्थाओं की सूचना मिलने के बाद पोलखोल टीम ग्राउंड पर पहुंची, जहां भवन, पेयजल, शौचालय, शिक्षकों की कमी सहित कई समस्याएं सामने आईं। इस ग्राउंड रिपोर्ट में दैनिक प्रदेश सत्ता के जिला ब्यूरो चीफ एवं वरिष्ठ पत्रकार संजय मेहरा भी पोलखोल टीम के साथ रहे।

बताया जाता है कि बीटीआई स्कूल जिले के पुराने शैक्षणिक संस्थानों में शामिल है।

प्राथमिक शाला में करीब 27 बच्चे दर्ज होने की जानकारी सामने आई, लेकिन जिस भवन में कक्षाएं संचालित होती थीं, उसे क्षतिग्रस्त घोषित किए जाने के बाद बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात सामने आई है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार प्राथमिक शाला के लिए अन्य भवन का उपयोग किया जाता है, लेकिन मौके पर वहां ताला लगा मिला।

वहीं माध्यमिक शाला में करीब 150 विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए पर्याप्त संख्या में शिक्षक नहीं होने की बात सामने आई। मौजूद शिक्षकों के अनुसार स्वीकृत पदों की तुलना में कम शिक्षक कार्यरत हैं। स्कूल में चपरासी नहीं होने के कारण शिक्षकों को शिक्षण कार्य के साथ अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां भी संभालनी पड़ रही हैं।

जर्जर भवन बना चिंता का विषय
ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान स्कूल भवन की स्थिति भी सामने आई। कई स्थानों पर छत और भवन के हिस्से क्षतिग्रस्त बताए गए। स्कूल में मौजूद शिक्षकों ने भी भवन की स्थिति को लेकर चिंता जताई और किसी अनहोनी की आशंका की बात कही।

शौचालय और पेयजल की समस्या
स्कूल के शौचालयों में साफ-सफाई की स्थिति को लेकर भी सवाल सामने आए।

विशेषकर छात्राओं को परेशानी होने की बात कही गई। वहीं स्कूल में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं होने की जानकारी भी सामने आई। शिक्षिकाओं के अनुसार बच्चों के लिए पीने का पानी कलेक्ट्रेट भवन से लाना पड़ता है। स्कूल में नलकूप की आवश्यकता बताई गई।
कौन शिक्षक स्कूल से नदारद?

इस ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान एक शिक्षक स्वतंत्र खरे की उपस्थिति को लेकर भी शिकायत सामने आई है। एक विश्वसनीय सूत्र ने आरोप लगाया कि शिक्षक नियमित रूप से स्कूल में उपस्थित नहीं रहते और केवल रजिस्टर में उपस्थिति दर्ज होती है। हालांकि, पोलखोल इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। संबंधित शिक्षक का पक्ष और शिक्षा विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

 

पत्रकार संजय मेहरा ने साझा की अपनी छात्र जीवन की यादें
इस पूरी पड़ताल में पत्रकार संजय मेहरा पोलखोल टीम के साथ रहे। खास बात यह है कि मेहरा ने स्वयं भी बीटीआई स्कूल से शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें और स्कूल से जुड़े अपने अनुभव पोलखोल के साथ साझा किए।

संजय मेहरा ने इस मामले को अपने समाचार पत्र दैनिक प्रदेश सत्ता में भी प्रकाशित किया है। पोलखोल टीम उनके सहयोग और समय देने के लिए उनका आभार व्यक्त करती है।

स्कूल के सामने ही जिला शिक्षा केन्द्र का कार्यालय और कुछ दूरी पर शिक्षा विभाग के अन्य कार्यालय होने के बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं की स्थिति सवालों के घेरे में है।

अब देखना यह होगा कि शिक्षा मंत्री के गृह जिले के इस पुराने स्कूल की समस्याओं पर शिक्षा विभाग कब संज्ञान लेता है और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण कब उपलब्ध कराया जाता है।

पोलखोल की ग्राउंड रिपोर्ट ने सवाल सामने रख दिए हैं-अब जवाब संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों को देना है।

विशेष आभार – पार्षद सौरभ ठाकुर, प्राचार्य सुचित्रा श्रीवास्तव, एवं संजय मेरा (पत्रकार ) जिन्होंने आज अपने अखबार में इस खबर को प्रकाशित किया!

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर: सिंहपुर बड़ा की बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, सालों से निवासरत परिवारों ने मांगे आवासीय पट्टे! जनसुनवाई में उठी आवासीय पट्टे की मांग, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील। 📹 पूरी खबर देखिए- पोलखोल न्यूज़ पर।

error: Content is protected !!