नरसिंहपुर। 2 अक्टूबर 2026 जिले के तेंदूखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम बिलेहरा में स्वास्थ्य विभाग ने एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की है, जो कथित तौर पर बिना वैध चिकित्सकीय डिग्री के ग्रामीणों का इलाज कर रहा था। इसके साथ ही उसके द्वारा संचालित बताए जा रहे ‘तनुश्री’ मेडिकल स्टोर के दस्तावेजों की भी जांच की गई।
जानकारी के अनुसार, संजय विश्वास नामक व्यक्ति स्वयं को ‘बंगाली डॉक्टर’ बताकर ग्रामीणों का उपचार कर रहा था।
मामले को लेकर लगातार शिकायतें मिलने के बाद CMHO डॉ. मनीष मिश्रा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिलेहरा पहुंचकर अचानक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान टीम ने चिकित्सकीय डिग्री और मेडिकल स्टोर संचालन से संबंधित वैध दस्तावेजों की जानकारी मांगी। विभाग के अनुसार, मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद टीम ने पंचनामा तैयार कर ‘तनुश्री’ मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित व्यक्ति को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई को लेकर CMHO मनीष मिश्रा ने पोलखोल से बातचीत में विभाग की कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी।
नोट: स्वास्थ्य विभाग की जांच और दस्तावेजों के आधार पर ही मामले में आगे की कानूनी स्थिति स्पष्ट होगी।








