नरसिंहपुर। 29 सितम्बर 2026 जिले की ग्राम पंचायत धवई में सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों की परेशानी लगातार सामने आ रही है। मंगलवार को धवई पंचायत के अंतर्गत आने वाले लमनिया टोला के ग्रामीण स्कूली बच्चों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और करीब ढाई से तीन किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखी।
इस दौरान कई छोटे बच्चे स्कूली ड्रेस में अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। बच्चों ने सड़क नहीं होने से स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी बताई। बच्चों की मांग थी कि उनके गांव तक सड़क बन जाए, ताकि उन्हें स्कूल जाने में दिक्कत न हो।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति के कारण बच्चों सहित ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है।
बारिश के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की है।
खास बात यह है कि कुछ समय पहले ही ग्राम पंचायत धवई के ग्राम गंगई के ग्रामीण भी सड़क की समस्या को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे। अब इसी पंचायत के लमनिया टोला के ग्रामीण और स्कूली बच्चे भी सड़क की मांग लेकर प्रशासन के पास पहुंचे हैं!
बच्चों की मासूम अपील- “कलेक्टर आंटी जी, रोड बनवा दो… स्कूल जाना है”-ने सड़क की समस्या को एक बार फिर सामने ला दिया है।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की इस मांग पर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और सड़क निर्माण को लेकर क्या पहल होती है।
देखिए पोलखोल न्यूज़ की पूरी ग्राउंड रिपोर्ट- ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर क्या कहा।








