नरसिंहपुर। 29 सितम्बर 2026 जिले में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम बचई की कुछ महिलाओं ने गांव में कथित रूप से खुलेआम कच्ची और अंग्रेजी शराब की बिक्री तथा महुआ से कच्ची शराब बनाए जाने की शिकायत कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की। महिलाओं ने शिकायत में शराब की बिक्री पर रोक लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
महिलाओं का आरोप है कि ग्राम बचई में महुआ से कच्ची शराब बनाई जा रही है तथा नहर, ढाबों और महाकौशल शुगर मिल के आसपास कथित रूप से कच्ची और अंग्रेजी शराब बेची जा रही है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने मुंगवानी थाना पहुंचकर भी शिकायत की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायत में महिलाओं ने बताया कि परिवार के कुछ पुरुष शराब का सेवन करने के बाद घर लौटते हैं और महिलाओं के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करते हैं। महिलाओं के अनुसार, शराब के लिए पैसे नहीं देने पर घर के सामान तक बेच दिए जाते हैं, जिससे परिवार के सामने आर्थिक परेशानी और राशन की समस्या खड़ी हो रही है।
जनसुनवाई में महिलाओं ने प्रशासन से गांव में कथित अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के दायरे में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
महिलाओं ने बातचीत के दौरान कुछ लोगों पर शराब बेचने के आरोप लगाए और नहर के पास कच्ची शराब बनाए जाने की बात भी कही। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।
देखिए पूरी खबर- महिलाओं ने ‘पोलखोल’ पर क्या-क्या बताया और प्रशासन से क्या मांग की।








