नरसिंहपुर। 26 सितम्बर 2026 करेली तहसील के ग्राम बम्हौरी में गणेश जी की प्रभात फेरी के दौरान पानी छिड़कने की बात को लेकर विवाद होने का मामला सामने आया है। मामले में ग्राम निवासी विशाखा रजक ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को शिकायत देकर तीन लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और चांदी की चेन खींचने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, घटना 24 सितंबर 2026 की शाम करीब 8 बजे की बताई गई है। आवेदिका का आरोप है कि प्रभात फेरी के दौरान उसके भाई सानू रजक को पानी छिड़कने की बात को लेकर रोका गया और इसी बात पर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद आरोपितों द्वारा उसके साथ भी मारपीट किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
महिला का आरोप है कि घटना के दौरान उसे और उसके भाई को गाली-गलौज की गई तथा कपड़े उतारकर पीटने की धमकी दी गई। शिकायत में संजय मेहरा और रोहित कौरव पर मारपीट करने तथा गर्दन पकड़ने के दौरान चांदी की चेन खींचने का आरोप लगाया गया है। आवेदिका ने बताया कि घटना के दौरान वह बेहोश होकर गिर गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे उठाकर पानी पिलाया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने घटना की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी थी। बारिश के कारण पुलिस चौकी पहुंचने में देरी हुई और रास्ते में पुलिस वाहन मिलने पर वह आमगांव बड़ा पुलिस चौकी पहुंची। आवेदिका का आरोप है कि वहां उसकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने 181 हेल्पलाइन पर भी शिकायत की।
अब विशाखा रजक ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत दर्ज कराते हुए मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही शिकायत में भविष्य में उसके या उसके परिवार के साथ किसी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित लोगों को जिम्मेदार ठहराए जाने की बात कही गई है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप
शिकायतकर्ता के कथन पर आधारित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि तथा पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।








