नरसिंहपुर ! 5 सितंबर 2026
सालीचौका थाना चौकी निवासी एक महिला ने सात लोगों पर रास्ता रोककर गाली-गलौज, मारपीट, तेजाब डालने और जेवरात छीनने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने मामले में पुलिस द्वारा अब तक कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन के अनुसार, एक महिला अपने पति के साथ 16 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे स्कूटी से सालीचौका आ रही थीं। आरोप है कि छोटी बाबई पुलिया के पास लक्ष्मण लोधी, रमाकांत लोधी, निशांत लोधी, प्रशांत लोधी, लेखराम लोधी, राजा ठाकुर और रामगोपाल ठाकुर ने रास्ता रोक लिया।
आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि सभी ने उनके और उनके पति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
महिला का आरोप है कि इस दौरान उनके कपड़े फाड़े गए, उनके साथ गंभीर मारपीट की गई और हाथ पर तेजाब डाल दिया गया। साथ ही 14 गुरिया की माला, लॉकेट, सोने के कान के फूल और पायल छीनकर ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला के अनुसार, घटना के बाद उनकी बेटी ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को सालीचौका चौकी लेकर पहुंची, जहां से उन्हें गाडरवारा अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को नरसिंहपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना में दोनों को गंभीर चोटें आईं और हाथ में फ्रैक्चर हुआ, लेकिन अस्पताल के दस्तावेजों में सामान्य चोटें दर्शाई गईं। महिला ने दावा किया है कि घटना के बाद से अब तक आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
पीडिता महिला ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी शिकायत दर्ज कराने की मांग की है।








