नरसिंहपुर। 4 सितंबर 2026 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गुरुवार शाम 7:30 बजे प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के ‘दिव्य संस्कार भवन’ नरसिंहपुर में भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता कर बाल गोपाल का पूजन किया और जन्माष्टमी की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा एवं डॉ. स्वाति मीणा ने सहभागिता की। संस्था की जिला संचालिका ब्रह्माकुमारी कुसुम दीदी ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने विधि-विधान से श्रीकृष्ण का पूजन-अर्चन कर बाल गोपाल को झूला झुलाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने राजयोग ध्यान का अभ्यास भी किया। आध्यात्मिक अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि संस्था में आकर मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में मानसिक संतुलन एवं आत्मिक शांति के लिए राजयोग साधना अत्यंत उपयोगी है।
अतिथियों ने संस्था द्वारा नैतिक मूल्यों के उत्थान, व्यसन मुक्ति तथा मानवीय गुणों के विकास के लिए किए जा रहे समाज सुधार कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं लीलाओं पर आधारित शानदार सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी किरण दीदी ने अतिथियों को संस्था के आध्यात्मिक संग्रहालय में ले जाकर प्रेरणादायी प्रदर्शनी का अवलोकन कराया। प्रदर्शनी की अतिथियों ने सराहना की।
इस अवसर पर अतिथियों ने समस्त जिलावासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन निष्काम कर्म, प्रेम, भाईचारे और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्यता की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में करेली सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी सरोज दीदी सहित ब्रह्माकुमारी किरण, अर्पिता, वर्षा, साधना, नेहा दीदी एवं अन्य बीके भाई-बहनें उपस्थित रहे।








