नरसिंहपुर/तेंदूखेड़ा, 16 जून। तेंदूखेड़ा के वार्ड क्रमांक 7 स्थित पीडब्ल्यूडी कॉलोनी निवासी फरजाना बी एवं अफसाना बी ने नगर परिषद की कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों सोमवार सुबह पोलखोल कार्यालय पहुंचीं और अपनी आपबीती सुनाई।
पीड़ितों का आरोप है कि पहले उन्हें बिना किसी लिखित नोटिस के मकान हटाने के लिए कहा गया था। जब उन्होंने नोटिस की मांग की, तो उनके अनुसार 15 जून को दोपहर करीब 3 बजे एक व्यक्ति, जिसने स्वयं को कथित BLO बताया, नोटिस लेकर पहुंचा और कहा कि आधे घंटे के भीतर मकान खाली कर दें।
फरजाना बी और अफसाना बी का कहना है कि उन्होंने सामान निकालने के लिए कुछ और समय देने का अनुरोध किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उनका आरोप है कि इसके बाद जेसीबी मशीन से मकान तोड़ दिया गया, जिससे घर में रखा खाने का राशन, घरेलू सामान और अन्य सामग्री मलबे में दबकर नष्ट हो गई।
पीड़ित मां-बेटी का कहना है कि मकान टूटने के बाद उनके पास रहने की कोई व्यवस्था नहीं बची और 15 जून की रात उन्हें पड़ोसियों के यहां शरण लेकर बितानी पड़ी।
दोनों ने यह भी आरोप लगाया कि यह कार्रवाई नगर परिषद अध्यक्ष विष्णु शर्मा के कहने पर की गई। हालांकि, इस संबंध में नगर परिषद अथवा अध्यक्ष विष्णु शर्मा का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
फिलहाल, मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पीड़ित परिवार न्याय एवं उचित कार्रवाई की मांग कर रहा है।








