दो वार्डों की कहानी: नाले की समस्या से परेशान क्षेत्रवासी, बारिश में घरों तक पहुंचता पानी ग्राउंड जीरो रिपोर्ट | पोलखोल विशेष रिपोर्ट

नरसिंहपुर ! 16 जून 2026

गाडरवारा नगर के बेलापुरकर वार्ड और सुभाष वार्ड से लगे क्षेत्र में वर्षों पुरानी एक समस्या आज भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है।

सतीश टाकीज के पीछे स्थित व्यायामशाला के पास की गली में बना कच्चा और संकरा नाला क्षेत्रवासियों के लिए मुसीबत का कारण बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस नाले की नियमित सफाई नहीं होने से बरसात के दिनों में हालात बेहद खराब हो जाते हैं।

क्षेत्रवासियों के अनुसार नाले में गाद और कचरा जमा होने से पानी का प्रवाह बाधित हो जाता है, जिसके कारण बारिश के दौरान नाला उफान पर आ जाता है। कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि नाले का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। इससे न केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचता है बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।

नाले के किनारे रहने वाले एक परिवार ने अपने घर को सुरक्षित रखने के लिए चारों ओर बाउंड्रीवाल तक बना ली है ताकि बारिश के समय नाले का पानी घर के अंदर प्रवेश न कर सके। बावजूद इसके हर मानसून में उन्हें चिंता बनी रहती है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बरसात के दौरान नाला पूरी तरह भर जाता है और लोगों को घुटनों तक पानी में उतरकर आवागमन करना पड़ता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार फिसलने और दुर्घटना का भी खतरा बना रहता है।

जब क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्या को लेकर “पोलखोल” टीम को मौके पर बुलाया तो ग्राउंड जीरो पर हालात चिंताजनक दिखाई दिए। लोगों ने बताया कि स्वच्छता अभियान और विकास कार्यों के दावों के बावजूद इस क्षेत्र की समस्या वर्षों से जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं किया गया।

क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि कच्चे नाले को पक्का बनाया जाए, उसकी चौड़ाई बढ़ाई जाए तथा नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि हर वर्ष बरसात में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन क्षेत्रवासियों की इस पुरानी समस्या पर कब तक ध्यान देता है और कब तक बेलापुरकर एवं सुभाष वार्ड के नागरिकों को इस परेशानी से निजात मिल पाती है।

(पोलखोल ग्राउंड जीरो रिपोर्ट)
“स्वच्छता अभियान के दावों के बीच नाले की बदहाली, वार्डवासी पूछ रहे सवाल – आखिर कब मिलेगा समाधान?”

 

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

*प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से आकर्षित होकर वृंदावन पहुंचा प्रियांशु, 10 दिन बाद सकुशल घर लौटा* *भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और आध्यात्मिक आकर्षण के चलते बिना बताए घर से निकला था किशोर, संन्यासी बाबा की सलाह पर लौटा वापस।*

error: Content is protected !!