नरसिंहपुर। 13 जून 2026 जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना कालदाऊ घाट स्थित सीतारेवा नदी के पास की बताई जा रही है, जहां किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस मामले को हिट एंड रन की आशंका के साथ जांच रही है।
मृतक की पहचान हरोबाई (लगभग 65- वर्ष) निवासी बांदरबारू, ग्राम पंचायत छेनाकछार, थाना चीचली, गाडरवारा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार हरोबाई बाजार से घरेलू सामान खरीदकर अपने घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से महिला का सामान बरामद हुआ है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
डोंगरगांव थाना प्रभारी के बताऐ अनुसार महिला बाजार से खाने का तेल लेकर लौटी थीं, जिसकी थैली शव के पास पड़ी मिली। परिजनों द्वारा एक ट्रैक्टर के सामने आने की बात कही जा रही है, हालांकि फिलहाल किसी वाहन की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
लोगों के अनुसार घटना सुबह की है और टक्कर मारने वाला वाहन अभी अज्ञात है। पुलिस ने परिजनों से पोस्टमार्टम कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सहयोग करने का आग्रह किया है, लेकिन परिजन फिलहाल शव नहीं उठाने की बात पर अड़े हुए हैं। मामले में संदिग्ध वाहन की तलाश जारी है।
NSP पोलखोल न्यूज़ घटना से जुड़े हर अपडेट पर नजर बनाए हुए है।








