शहर में बढ़ती अराजकता: आवारा युवाओं की धमाचौकड़ी से आमजन परेशान, सख्त पुलिसिंग की दरकार!”

 

नरसिंहपुर! 22 जनवरी 2026

शहर में इन दिनों आवारा युवाओं की बढ़ती गतिविधियों ने शांति और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाहरी क्षेत्रों एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों से आने वाले कुछ युवक, जिनमें बड़ी संख्या नाबालिगों की बताई जा रही है, मोटरसाइकिलों से तेज रफ्तार व लापरवाह ड्राइविंग करते हुए गली-मोहल्लों में उत्पात मचाते देखे जा रहे हैं। इससे नागरिकों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति यहीं तक सीमित नहीं है। इन युवाओं ने पान-चाय की टपरियों को अपना नया ठिकाना बना लिया है, जहां कथित तौर पर नाबालिगों को सिगरेट, नशीली गोलियां एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन करते देखा जा सकता है। आरोप है कि कुछ दुकानदार मामूली आर्थिक लालच में प्रतिबंधित वस्तुएं खुलेआम बेच रहे हैं। खासकर मुख्य मार्गों से जुड़ी गलियों में इनका जमावड़ा आमजन के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।

इसके साथ ही शहर के मेन रोड कई चौराहों पर शराबियों का जमावड़ा और हुड़दंग आम बात हो गई है। मुख्य सड़कों पर देर रात तक शोर-शराबा और अव्यवस्था का माहौल बना रहता है, जिससे कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

यह उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक  ऋषिकेश मीना के जिले में पदस्थ होने के बाद कई सख्त और सराहनीय कार्रवाइयां की गई हैं। उनकी कार्यशैली को लेकर आमजन में सकारात्मक भरोसा भी है।

हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए शहर की नियमित पुलिसिंग, बीट व्यवस्था और रात्रि गश्त की प्रभावशीलता पर पुनः ध्यान देना आवश्यक प्रतीत होता है।
शहरवासियों का कहना है कि यदि इस दिशा में समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई गंभीर घटना घटित होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

नागरिकों ने अपेक्षा जताई है कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं क्षेत्र भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें, ताकि नशे, अराजकता और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और शहर में शांति व सुरक्षा का माहौल पुनः स्थापित हो।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!