नरसिंहपुर / 14 नवम्बर 2025
13 नवम्बर गाडरवारा तहसील के ग्राम पतलोन में गुरुवार को आदि शंकराचार्य गुरुकुलम् के नवीन भवन निर्माण का भूमिपूजन और शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि गुरुकुलम विद्यालय एक आदर्श एवं अद्भुत संस्थान के रूप में विकसित होगा। यहाँ नई शिक्षा नीति के सभी लक्ष्य पूर्ण किए जाएंगे और हर वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी।
मंत्री ने बताया कि लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस विद्यालय में निःशुल्क छात्रावास की सुविधा उपलब्ध रहेगी। कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को संस्कृत सहित अन्य विषयों की शिक्षा दी जाएगी। विज्ञान प्रयोगशाला एवं स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाएँ भी स्थापित की जाएँगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी ने की। उन्होंने कहा कि गुरुकुलम का भूमिपूजन सनातन संस्कृति की स्थापना का महत्वपूर्ण कदम है। यहाँ से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भविष्य में शास्त्री बनकर समाज को नई दिशा देंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्थापित किए जा रहे दो संस्कृत केन्द्रों में से एक पतलोन में बनना गौरव का विषय है।
कार्यक्रम को साधना स्थापक, नरेश पाठक और संजय शर्मा ने भी संबोधित किया। महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान भोपाल के निदेशक रविंद्र कुमार सिंह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। पूज्य गुरुदेव पं. सोमेश परसाई ने कहा कि गुरुकुलम विद्यालय विद्यार्थियों में सुसंस्कार और सनातन संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा उनके सर्वांगीण विकास में सहायक बनेगा।
इस अवसर पर बालकदास, कमल नयन शास्त्री, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति नीलेश काकोड़िया, कलेक्टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, नपा अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मनीष शंकर तिवारी ने किया और आभार नपा अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने व्यक्त किया।








