नरसिंहपुर | 10 मार्च 2026 जिले के साईंंखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हौरी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस जघन्य वारदात में मृतका का सगा भाई ही अपनी बहन और जीजा का हत्यारा निकला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बम्हौरी निवासी केरा बाई चौधरी (60) और उनके पति छुटई चौधरी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका का भाई हल्के भैया चौधरी अपने बेटे की शादी के लिए बहन से रुपयों की मांग कर रहा था। बहन द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर वह नाराज हो गया और इसी बात को लेकर उसने रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस के अनुसार 9 सोमवार मार्च की सुबह लगभग 8 बजे आरोपी हल्के अपनी पत्नी और अन्य रिश्तेदारों के साथ बहन-जीजा के घर पहुंचा। आरोपियों ने जबरन दरवाजा खुलवाकर घर में प्रवेश किया और सबसे पहले केरा बाई चौधरी के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। शोर सुनकर जब उनके पति घुटई चौधरी बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें अंदर ले जाकर गला दबाया और चाकू व हंसिया से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
घटना की जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड के डॉग “mass ” ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉग बार-बार पास के एक घर की ओर जाकर रुक रहा था। संदेह के आधार पर पुलिस ने जब वहां तलाशी ली तो घर के पीछे खून से सने अधजले कपड़े मिले, जिन्हें सबूत मिटाने के लिए जलाया गया था। यह घर मृतका के भाई का ही निकला।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कटनी जिले के स्लीमनाबाद से रात करीब लगभग 9 बजे आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने हल्के भैया चौधरी, उसकी पत्नी इलायची बाई, रीना, गुड्डू, कालीराम चौधरी, धर्मेंद्र चौधरी और बड्डू उर्फ भुवन निवासी सूखाखैरी थाना चीचली को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
हत्या की सूचना सबसे पहले मृतका की नाबालिग नातिन ने दी, जो एक स्कूली छात्रा है। बताया जाता है कि मृतक दंपत्ति के बेटे बाहर रहते हैं और दोनों घर पर ही रहते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और हंसिया बरामद किए हैं। साथ ही कुछ चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं, जिनमें हाफ कटडोरा, दो जोड़ी पायल, बिछिया, चांदी की प्लेट, पैर के लच्छे, चांदी की चेन, मंगलसूत्र, ब्रासलेट और अंगूठी शामिल हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और डॉग माश ” की सूझबूझ से कुछ ही घंटों में इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा हो गया, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
कार्यवाही में एसपी ऋषिकेश मीना, ASP संदीप भूरिया और एसडीओपी ललित डागुर के नेतृत्व में थाना सांईंखेडा की सराहनीय भूमिका रही!
Polkhol Newz
निष्पक्ष • निर्भीक 📰








