नरसिंहपुर / 7 नवंबर 2025
रायपुर निवासी अमित बघेल द्वारा पूज्य श्री झूलेलाल भगवान के प्रति की गई अमर्यादित एवं आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में नरसिंहपुर के सिंधी समाज में तीव्र आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में सौंपा, जिसमें आरोपी पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 20 अक्टूबर 2025 को सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में अमित बघेल ने सिंधी समाज के आराध्य देवता भगवान झूलेलाल के संबंध में अपमानजनक और असंवेदनशील टिप्पणी की, जिससे सिंधी समाज सहित पूरे भारतीय समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रतिनिधियों ने कहा कि भगवान झूलेलाल केवल सिंधी समाज के ही नहीं, बल्कि समस्त भारतीय समाज के आराध्य हैं, जिनकी शिक्षाएं भाईचारे, एकता और सद्भावना का संदेश देती हैं। ऐसी टिप्पणी सामाजिक सौहार्द्र और राष्ट्रीय एकता को कमजोर करने वाली है।
सिंधी समाज ने राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि अमित बघेल के विरुद्ध विधिसम्मत अपराध दर्ज कर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी करने का साहस न कर सके।
इसके पूर्व सिंधी समाज द्वारा विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली श्री झूलेलाल मंदिर, सिंधी कॉलोनी से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई कलेक्टर कार्यालय पहुंची। समाज के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी आस्था और एकता का परिचय दिया।
सुभाष चौक पर अमित बघेल का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। पूरे आयोजन में सिंधी समाज की अभूतपूर्व एकजुटता और भगवान झूलेलाल के प्रति अटूट श्रद्धा देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंत में पूज्य पंचायत सिंधी समाज के अध्यक्ष राजेश मखीजा ने सभी समाजजनों, वरिष्ठ नागरिकों और युवा साथियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर समाज की एकता और सम्मान की रक्षा का संदेश दिया।









