नरसिंहपुर ! 1 मार्च 2026 प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी शनि भक्तों द्वारा सालीचौका से गाडरवारा स्थित शनि मंदिर तक विशाल झंडा एवं कलश यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सालीचौका नगर के श्री देव राधाकृष्ण मंदिर से हुआ, जहां से माताओं-बहनों ने सिर पर कलश में जल भरकर पदयात्रा प्रारंभ की।
लगभग 15 किलोमीटर की इस पदयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और पुरुषों ने आकर्षक चलित झांकियों, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर भक्ति गीतों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में “जय शनिदेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
यात्रा संयोजक झलकन मेहरा के नेतृत्व में निकली इस भव्य यात्रा का क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं की गईं। भक्तों की टोलियों द्वारा भजन-कीर्तन, गायन-वादन और नृत्य प्रस्तुत कर शनि देव के प्रति अपनी आस्था और प्रेम व्यक्त किया गया।
भक्तों का काफिला सालीचौका से गाडरवारा स्थित शनि मंदिर पहुंचा, जहां विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहा, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई!
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की धार्मिक यात्राएं समाज में एकता, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। सभी श्रद्धालुओं ने शनि देव महाराज से क्षेत्रवासियों पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।








