“रंजिश बनी हत्या की वजह: करेली की अंधी हत्या का पुलिस ने किया पर्दाफाश, इरशाद गिरफ्तार”!

नरसिंहपुर।  14 मार्च 2026  जिले के करेली थाना क्षेत्र में हुई अंधी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 36 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आपसी रंजिश के चलते आरोपी ने महिला की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च को थाना करेली में पुष्पेंद्र ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 10 मार्च की शाम करीब 6 बजे अपने साले हक्कू ठाकुर के यहां ग्राम रातिकरार गया था। इसके बाद जब वह अपने घर, जो रिजवान के खेत के पास स्थित है, वापस पहुंचा तो उसकी पत्नी वंदना ठाकुर (25 वर्ष) घर पर नहीं मिली। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने रास्ते से गुजर रहे एक व्यक्ति का मोबाइल लेकर अपनी पत्नी के फोन पर कॉल किया।    फोन अनूप पटेल नामक व्यक्ति ने उठाया और बताया कि यह मोबाइल उसके ऑटो के पीछे पड़ा मिला है। इसके बाद प्रार्थी ने खेत मालिक रिजवान को सूचना दी।

दोनों ने आसपास तलाश की तो गेहूं के खेत में खून के धब्बे और घसीटने के निशान दिखाई दिए। आगे खोजबीन करने पर खेत की मेढ़ पर वंदना ठाकुर खून से लथपथ मृत अवस्था में मिलीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वाड की टीम को बुलाया गया तथा आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि करीब 15 दिन पहले एक पंचायत में मृतका वंदना और ग्राम रातिकरार निवासी मोहम्मद इरशाद के बीच विवाद हुआ था, जिसमें आपत्तिजनक बातें होने के कारण आरोपी रंजिश रखने लगा था।  पुलिस ने संदेह के आधार पर मोहम्मद इरशाद (35 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पहले तो पुलिस को काफी घुमाया जब पुलिस ने थोडी सख्ती दिखाई तो आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि 10 मार्च की रात करीब 9:30 बजे वह पहले से घात लगाकर बैठा था, और  उसने वंदना को घर में अकेला पाकर बांस के डंडे से मारपीट कर हत्या कर दी और शव को घसीटकर लगभग कुछ ही दूरी पर गेहूं के खेत की मेढ़ के पास फेंक दिया। पुलिस जांच को भ्रमित करने के लिए आरोपी मृतका का मोबाइल अपने साथ ले गया और रास्ते में चल रहे एक छोटा हाथी वाहन के के अंदर फेंक दिया।

आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, बांस का डंडा और एक कंबल को खैरी नाका रेलवे अंडरब्रिज के पास से बरामद किया गया है।

🗣️ आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) और 233 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी पर पूर्व में भी अपराधिक मामला थाना करेली में दर्ज रहा है!

नेतृत्व – डॉ ऋषिकेश मीना, ASP संदीप भूरिया

➡️ इस मामले के खुलासे में थाना प्रभारी करेली निरीक्षक रत्नाकर हिंग्वे, उप निरीक्षक संग्राम सिंह, विजय धुर्वे, उपनिरीक्षक रामरतन, ‌ASI संतलाल मरकाम, नरेश आरसे, प्रधान आरक्षक कुलदीप सोमकुंवर, वरिष्ठ आरक्षक राजेश बागरी, आरक्षक सचिन पटेल, अमित यादव, विपिन पटेल, चेतन तंतुवाय, सैनिक रियाज खान तथा महिला आरक्षक कुमुद पाठक की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने टीम के उत्कृष्ट कार्य के लिए उचित पुरस्कार देने की घोषणा की है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!