नरसिंहपुर। 27 सितम्बर 2026 कोतवाली थाना क्षेत्र के खैरीनाका में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 35 वर्षीय युवक अपने घर में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मयंकराव शिंदे पिता संतोषराव शिंदे, उम्र 35 वर्ष, निवासी खैरीनाका, अपने घर में था। बताया गया कि युवक कचहरी वाहन स्टैंड में कार्यरत था। उसकी पत्नी दो बच्चों के साथ जबलपुर स्थित मायके में रहती थी।
रविवार सुबह युवक की मां उसे उठाने के लिए पहुंची। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने खिड़की से अंदर देखा, जहां युवक रस्सी के फंदे से लटका दिखाई दिया। मां ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।








