नरसिंहपुर। 12 जनवरी 2026
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे नरसिंहपुर जिले के ग्राम भरवारा का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक घर के बाहर और भीतर अव्यवस्थित माहौल दिखाई देता है। घर के सामने कुछ वाहन, एक बच्चे की साइकिल, जबकि अंदर बिखरा हुआ घरेलू सामान नजर आता है। वीडियो के बैकग्राउंड में किसी महिला के रोने की आवाज सुनाई देती है और पास ही एक बुजुर्ग महिला बैठी हुई स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।
वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद नजर आते हैं। वहीं एक व्यक्ति बाहर से पूरे घटनास्थल का वीडियो रिकॉर्ड करता हुआ घर के भीतर तक जाता है, जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि वहां किसी प्रकार की तोड़फोड़ या शांति भंग जैसी स्थिति उत्पन्न हुई थी।
हालांकि पोलखोल इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता, लेकिन विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार यह वीडियो विगत दिसंबर माह का बताया जा रहा है और इसका संबंध ग्राम भरवारा की एक घटना से जोड़ा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम भरवारा में दिनांक 21 दिसंबर को दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर थाना स्टेशनगंज अंतर्गत पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उस समय लगभग 15 लोग आपसी झगड़े में शामिल थे, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा प्रभावी बीच-बचाव नहीं किए जाने से स्थिति और अधिक जटिल हो गई थी।
इस पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद नरसिंहपुर जिला पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सात पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था, वहीं एक नगर सैनिक को थाना स्टेशनगंज से हटाकर होमगार्ड कार्यालय में संबद्ध किया गया था। यह कार्रवाई जांच के लगभग आठ दिन बाद की गई थी।
गौरतलब है कि उक्त निलंबन की खबर को पोलखोल ने 31 दिसंबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। वर्तमान में वायरल हो रहा वीडियो उसी भरवारा प्रकरण से जुड़ा बताया जा रहा है। वीडियो के अंतिम हिस्से में एक पुलिस अधिकारी किसी सुरेंद्र नामक व्यक्ति पर डंडा चलाते हुए दिखाई देते हैं, साथ ही वीडियो में कुछ शब्द भी सुनाई देते हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत इसी व्यक्ति से हुई हो सकती है।
फिलहाल वायरल वीडियो की वास्तविकता, पृष्ठभूमि और घटनाक्रम की पूरी सच्चाई पुलिस जांच का विषय है।
➡️ नोट – यह वीडियो पोलखोल को विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त हुआ है, लेकिन पोलखोल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वायरल वीडियो की सच्चाई क्या है? इसका अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा। पोलखोल निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों पर कायम रहते हुए तथ्यात्मक जानकारी प्रस्तुत करता है।











