नरसिंहपुर / 11 नवम्बर 2025
नरसिंहपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवम्बर को मनाई जाती है। यह दिन जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, जिला नरसिंहपुर (म.प्र.) द्वारा 11 नवम्बर से 15 नवम्बर तक जागरूकता यात्रा निकाली जा रही है।
इस यात्रा का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस एवं स्वतंत्रता संग्राम में योगदान से आमजन को अवगत कराना है। साथ ही, शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनजातीय कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीण अंचलों तक पहुँचाई जा रही है।
यात्रा के दौरान छात्र-छात्राएँ, शिक्षकगण एवं विभागीय अधिकारी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। रैली एवं जनजागृति कार्यक्रमों में “बिरसा मुंडा अमर रहें”, “जनजातीय गौरव हमारा अभिमान है” जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
इस दौरान विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें प्रमुख हैं..
1. अनुसूचित जनजातीय छात्रावास/आश्रमों का संचालन(17छात्रावास 3 आश्रम )
2. पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति
3. आवास सहायता योजना
4. म.प्र. सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना
5. छात्रावास/आश्रम शिष्यवृत्ति
6. नेतृत्व विकास शिविर
7. विदेश अध्ययन योजना
8. रानी दुर्गावती एवं शंकर शाह प्रतिभा योजना
9. भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना
10. टंट्या मामा आर्थिक कल्याण स्वरोजगार योजना
11. वन अधिकार अधिनियम अंतर्गत वन भूमि पर अधिकार पत्र वितरण
12. आकांक्षा योजना
15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर यह यात्रा जिले के विभिन्न अंचलों से होकर समापन स्थल पर पहुंचेगी, जहाँ समापन समारोह एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएँगी।
इस आयोजन के माध्यम से समाज में शिक्षा, स्वाभिमान, एकता और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।








