नरसिंहपुर। 4 जनवरी 2026
3 जनवरी को नर्मदा तट स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक बरमान मेले को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक खबरों और वीडियो से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताते हुए पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को एक ज्ञापन सौंपा गया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बरमान मेले को सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु विगत दो माह से जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में अधिकारी-कर्मचारी एवं जनसहभागिता से निरंतर स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच कुछ व्यक्तियों द्वारा बिना तथ्यात्मक पुष्टि के सोशल मीडिया पर भ्रामक समाचार, वीडियो एवं टिप्पणियाँ प्रसारित की जा रही हैं, जिससे प्रशासनिक अधिकारियों की छवि प्रभावित होने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द को भी नुकसान पहुँचने की संभावना बन रही है।
ज्ञापन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के विरुद्ध प्रसारित किए जा रहे कथित स्टिंग वीडियो को भी भ्रामक बताते हुए उसकी निष्पक्ष एवं सूक्ष्म जांच की मांग की गई है। साथ ही यह भी आग्रह किया गया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर गलत सूचनाएँ फैलाने वालों पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इसके अतिरिक्त जनसंपर्क विभाग से समन्वय कर उन व्यक्तियों एवं माध्यमों की जानकारी एकत्र करने की मांग की गई है, जिन्होंने बिना पुष्टि के समाचार अथवा वीडियो प्रसारित किए हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों का कहना है कि समय रहते उचित कार्रवाई होने से न केवल प्राचीन ऐतिहासिक एवं धार्मिक बरमान मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा, बल्कि जिले में सामाजिक सौहार्द एवं विश्वास का वातावरण भी बना रहेगा। ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि समाचार के माध्यम से किसी पर आरोप-प्रत्यारोप की मंशा नहीं है, बल्कि उद्देश्य केवल जनहित और सामाजिक शांति बनाए रखना है।










