नरसिंहपुर। 14 फरवरी 2026
जेल से जमानत पर बाहर आए आरोपी ने कोर्ट पेशी में हाजिरी लगाई और उसी दिन मिर्ची पाउडर झोंककर लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। हालांकि नरसिंहपुर पुलिस की मुस्तैदी के आगे उसकी चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी और चंद घंटों में ही दोनों आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए।
थाना स्टेशनगंज क्षेत्र में 13 फरवरी की रात ग्राम खमरिया के स्वागत गेट के पास दंपत्ति की आंखों में मिर्ची डालकर महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया गया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और त्वरित घेराबंदी के आधार पर पुलिस ने अभिषेक सिंह लोधी (निवासी सूरवारी, थाना ठेमी) और यशवंत पटेल (निवासी पिपरिया, थाना गोटेगांव) को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि अभिषेक सिंह लोधी एनडीपीएस प्रकरण में जमानत पर बाहर था और 13 फरवरी को कोर्ट पेशी में गया था। पेशी के बाद ही उसने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने लूटा गया मंगलसूत्र (कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये) एवं घटना में प्रयुक्त टीवीएस रायडर मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 80 हजार रुपये) जब्त कर ली है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।








