नरसिंहपुर। 12 फरवरी 2026
जिले में ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स, अध्यापक, अंशकालीन एवं ग्राम पंचायत कर्मचारी संयुक्त मोर्चा, मध्यप्रदेश के बैनर तले जिले के आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से शासन के विभिन्न विभागों में निष्ठापूर्वक सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अब भी समान कार्य के अनुरूप समान वेतन और अधिकार नहीं मिल पा रहे हैं। इससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने मांग की कि समान कार्य के लिए समान वेतन लागू किया जाए तथा आउटसोर्स कर्मचारियों का नियमितीकरण (स्थायीकरण) किया जाए। इसके अलावा समय पर पूर्ण वेतन भुगतान, ईपीएफ और ईएसआई की नियमित जमा राशि सुनिश्चित करने, कार्य अनुभव के अनुसार वेतन वृद्धि देने तथा नौकरी की सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग उठाई गई।
संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी वैध मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर के आउटसोर्स कर्मचारी आंदोलन और हड़ताल के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे और एक स्वर में अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।








