नरसिंहपुर। 15 मार्च जिले मेध लोक अभियोजन संचालनालय मध्यप्रदेश भोपाल के तत्वाधान में तथा संचालक लोक अभियोजन मध्यप्रदेश बी.एल. प्रजापति (न्यायिक सेवा) के मार्गदर्शन में नरसिंहपुर जिले के अभियोजन एवं पुलिस अधिकारियों की व्यावसायिक दक्षता संवर्धन के उद्देश्य से जिला अभियोजन संचालनालय नरसिंहपुर द्वारा एक दिवसीय विधिक संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला दिनांक 15 मार्च 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम नया पुलिस अधीक्षक कार्यालय नरसिंहपुर में आयोजित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिलेश शुक्ला उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आलोक मिश्रा तथा अतिथि के रूप में जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र नागेश मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश अखिलेश शुक्ला, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आलोक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना, जिला सीईओ गजेंद्र नागेश, सीजेएम राकेश, रजिस्ट्रार राधाकृष्ण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया एवं उप संचालक अभियोजन राम कुमार पटेल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यशाला में नवीन कानूनों के क्रियान्वयन, प्रकरणों के अनुसंधान के दौरान होने वाली विधिक त्रुटियों तथा विवेचना को मजबूत बनाने से संबंधित विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए गए। इस दौरान अभियोजन और पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिले के सभी अभियोजन अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







