नरसिंहपुर, 11 जनवरी 2026 मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर ग्राम पंचायत बरमानखुर्द के ब्रह्माण घाट में बरमान मेले की तैयारी को लेकर कलेक्टर रजनी सिंह ने बरमान कलां और बरमान खुर्द में नर्मदा नदी के घाटों का निरीक्षण रविवार को किया। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, एसडीएम गाडरवारा कलावती व्यारे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर रजनी सिंह ने बरमानकलां के सीढ़ी घाट में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए कराए जा रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने बरमान कलां और बरमान खुर्द में दुकानदारों व नागरिकों से साफ – सफाई बनाए रखने के लिए कहा। कलेक्टर ने बरमान मेले में लगने वाली दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां दुकानदारों से कहा कि अपनी दुकान आवंटित जगह पर ही लगाएं और दुकान की सामग्री को दुकान के अंदर ही रखें, जिससे आने – जाने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े। दुकानदारों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी। दुकानदार अपनी दुकानों में डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखें। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से अग्निशमनयंत्र भी रखें। इन निर्देशों का पालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित दुकानदार पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर रजनी सिंह ने दुकानदारों से कहा कि वे अपनी दुकान नर्मदा नदी के घाट के किनारे नहीं लगाएं। जो दुकानदार घाट के नजदीक अपनी दुकान लगाए हैं, वे घाट से निर्धारित दूरी पर ही लगाएं, जिससे स्नान करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
कलेक्टर रजनी सिंह ने सभी श्रद्धालुओं और दुकानदारों से कहा कि नर्मदा नदी में और घाटों में गंदगी न फैलाएं। कलेक्टर ने श्रद्धालुओं से कहा कि खाने, बनाने व भंडारे के लिए स्थल निर्धारित किया गया है। निर्धारित स्थल पर ही भंडारा का आयोजन किया जाए। भंडारे के दौरान प्लास्टिक के स्थान पर पत्तों के दोना – पत्तल का ही उपयोग करें।
इसके अलावा कलेक्टर ने नर्मदा नदी के दोनों घाटों में सुरक्षा की दृष्टि से किए गए कार्यों का भी निरीक्षण किया। रेत घाट में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए पिल्लरों का भी निरीक्षण किया। इन पिल्लरों में चैन और जालियां भी लगाई गई है, जिससे कोई भी श्रद्धालु गहरे पानी में न जाए और किसी भी तरह की दुर्घटना न हो। इसके अलावा बरमान कलां में सीढ़ी घाट में भी सुरक्षा की दृष्टि से गहराई में जाने से रोकने के लिए सांकेतिक लाल निशान के बॉल्स भी लगाए गए हैं।
➡️ मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में होंगे शामिल
मंत्री पटेल का दौरा कार्यक्रम जारी..
नरसिंहपुर 11 जनवरी 2026 प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल सोमवार 12 जनवरी को जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल प्रात: 8.50 बजे सर्किट हाउस नरसिंहपुर से प्रस्थान कर प्रात: 9 बजे उत्कृष्ट विद्यालय स्टेडियम ग्राउंड नरसिंहपुर आएंगे। आप यहां स्वामी विवेकानंद जी के जन्म दिवस “युवा दिवस” के उपलक्ष्य में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में शामिल होंगे। तदुपरांत प्रात: 10.40 बजे हाउसिंग बोर्ड चंदा नगर कॉलोनी शंकराचार्य वार्ड नरसिंहपुर आएंगे। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे सतधारा आश्रम बरमान में श्री हरिहर महाराज जी के दर्शन करेंगे। मंत्री पटेल अपरान्ह 3 बजे बरमान मेले का उदघाटन करेंगे। इसके पश्चात सायं 4.30 बजे जनपद पंचायत करेली के ग्राम सुआतला में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण व सामुदायिक भवन का भूमिपूजन करेंगे। मंत्री श्री पटेल सायं 5.15 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
➡️ जिले में कृषक कल्याण वर्ष 2026 का शुभारंभ रविवार को हुआ
जनप्रतिनिधियों ने कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
नरसिंहपुर, 11 जनवरी 2026.जिले में कृषक कल्याण वर्ष 2026 का शुभारंभ रविवार को हुआ। जनप्रतिनिधियों व कृषकों की मौजूदगी में जिले में कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कृषक कल्याण वर्ष 2026 के शुभारंभ के कार्यक्रमों का आयोजन गोटेगांव में विधायक महेन्द्र नागेश, कृषि विज्ञान केन्द्र नरसिंहपुर में रामसनेही पाठक, जिला कृषि स्थाई समिति अध्यक्ष सीताराम नामदेव, उप संचालक कृषि मोरिस नाथ, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी एवं किसान की मौजूदगी में और जिले के अन्य विकासखंडों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में जम्बूरी मैदान भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को जिले में देखा व सुना गया।
जिले में आयोजित कृषक कल्याण वर्ष 2026 के कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों ने कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हरी झंडी दिखाने के पश्चात इन कृषि रथों को भ्रमण के लिए पंचायतों को भेजे गए। उप संचालक कृषि नाथ ने कृषक कल्याण वर्ष 2026 के रूप में मनाए जाने का उद्देश्य और कृषि रथ संचालन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कलेक्टर रजनी सिंह के निर्देशन में कृषक कल्याण वर्ष 2026 के कार्यक्रम एवं कृषि रथ संचालन के लिए जिला व विकासखंड स्तरीय क्रियान्वयन समिति का गठन किया गया है। इस समिति में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, रेशम, आत्मा, कृषि अभियांत्रिकी, कृषि विज्ञान केन्द्र, सहकारिता, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला बाल विकास, जल संसाधन विभाग को शामिल किया गया है। इन विभागों के अधिकारी और मैदानी अमले के द्वारा योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।








