नरसिंहपुर। 11 जनवरी 2026
जबलपुर संभाग से चयनित छिंदवाड़ा जिले के अंडर-14 क्रिकेट खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता की ओर कदम बढ़ा चुके हैं। ये खिलाड़ी मध्यप्रदेश टीम के साथ छतरपुर में आयोजित प्री-नेशनल कैंप में भाग लेने जा रहे हैं, जहां से अंतिम टीम का चयन किया जाएगा।
खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से नरसिंहपुर के छिंदवाड़ा बायपास पर वरिष्ठ कोच पंकज नेमा (नरसिंहपुर) द्वारा उनका आत्मीय स्वागत एवं आशीर्वाद दिया गया । इस अवसर पर खिलाड़ियों में उत्साह और आत्मविश्वास साफ नजर आया।
छिंदवाड़ा के कोच असलम खान ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में छतरपुर में आयोजित राज्यस्तरीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में पूरे मध्यप्रदेश से खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश भर से 16 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी 17 जनवरी तक छतरपुर में प्री-नेशनल कैंप में प्रशिक्षण लेंगे।
कोच असलम खान ने आगे बताया कि 18 जनवरी को टीम राजस्थान के सीकर के लिए रवाना होगी, जहां अंडर-14 राष्ट्रीय स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता (टीम वाइज) का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश टीम का नेतृत्व आर्यन रघुवंशी करेंगे, जिन्हें टीम का कप्तान बनाया गया है।
नरसिंहपुर में हुए स्वागत कार्यक्रम से खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हुआ है। सभी खिलाड़ी प्रदेश का नाम रोशन करने के उद्देश्य से कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उतरने को तैयार हैं।








