नरसिंहपुर, 03 दिसंबर 2025।
जिले में मंगलवार और बुधवार को स्वास्थ्य सेवाओं और पुलिस क्षेत्राधिकार से जुड़े दो महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आए। जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर में एलटीटी शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, वहीं दूसरी ओर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए हादसे में एक युवक की जान चली गई।
जिला चिकित्सालय में एलटीटी शिविर सम्पन्न
ब्लॉक नरसिंहपुर के अंतर्गत मलाहपिपरिया क्षेत्र के मरीजों के लिए जिला अस्पताल में एलटीटी शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 14–15 महिलाओं का रजिस्ट्रेशन किया गया तथा सभी का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया।
मरीजों को अस्पताल आने-जाने के लिए शासकीय सहायता सहित अन्य सुविधाएँ प्रदान की गईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह शिविर परिवार नियोजन कार्यक्रम को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
रेलवे ट्रैक पर युवक की मौत, क्षेत्र में शोक
कोतवाली थाना क्षेत्र के चावरा स्कूल के पीछे मंगलवार को रेलवे ट्रैक पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें रामसेवक ठाकुर (20 वर्ष) की ट्रेन से कटकर मौत हो गई।
एसडीओपी मनोज गुप्ता ने बताया कि युवक धनारे कॉलोनी में. एक प्राइवेट लाइब्रेरी में कार्य करता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना की जांच जारी है।









