नरसिंहपुर। 1 फरवरी 2026
UGC बिल के विरोध में सामान्य वर्ग द्वारा आज दिनांक 2 फरवरी 2026 को स्टेशनगंज क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आक्रोश सभा का आयोजन किया गया। सभा में कायस्थ, नेमा, राजपूत, अग्रवाल, क्षत्रिय, ब्राह्मण सहित अन्य सामान्य वर्ग के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभा का संचालन राकेश जी एवं आशीष नेमा जी द्वारा किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने संविधान लागू होने के बाद से सामान्य वर्ग की राजनीतिक उपेक्षा एवं सामाजिक-आर्थिक दयनीय स्थिति पर अपने विचार व्यक्त किए।
सभा में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजने का निर्णय लिया गया, जिसमें प्रमुख रूप से जातिगत आरक्षण समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने, सामान्य वर्ग के गरीब विद्यार्थियों को SC/ST/OBC वर्ग के समान छात्रावास, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग एवं अन्य सुविधाएँ देने की मांग की गई।
इसके साथ ही मांग की गई कि
प्रत्येक व्यक्ति को केवल एक बार ही आरक्षण का लाभ दिया जाए,
जातिगत भेदभाव समाप्त करने हेतु जाति प्रमाण पत्र एवं जातिगत सुविधाएँ बंद की जाएँ,
SC/ST एक्ट के दुरुपयोग को रोकने के लिए पूर्व जांच अनिवार्य हो तथा गलत प्रकरणों में कठोर दंड एवं पीड़ित को मुआवजा दिया जाए,
तथा UGC बिल को तत्काल प्रभाव से पूर्णतः निरस्त किया जाए।
सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी चुनावों में सामान्य वर्ग केवल उसी राजनीतिक दल को समर्थन देगा, जो अपने चुनावी घोषणापत्र में सामान्य वर्ग के हित में ठोस योजनाओं का उल्लेख करेगा।
आक्रोश सभा के दौरान स्टेशनगंज क्षेत्र “तिलक, तराजू और तलवार, ये भारत के पालनहार” जैसे नारों से गूंज उठा।








