गाडरवारा // 1 दिसम्बर 2025 जिले में आपराधिक तत्वों और संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गाडरवारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने डीजल चोरी के एक प्रकरण में चार वर्षों से फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को जिला रायसेन से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में दर्ज डीजल चोरी प्रकरण के बाद आरोपी लंबे समय से न्यायालय की प्रक्रिया से बचते हुए फरार चल रहे थे। एसपी डॉ. मीना द्वारा फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी गाडरवारा रत्नेश मिश्रा के नेतृत्व में गाडरवारा पुलिस की टीम ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने जिन वारंटियों को गिरफ्तार किया है, उनमें
• अरुण पिता रामाधार, निवासी मंडीद्वीप, जिला रायसेन
• अर्जुन पिता कावल सिंह सिख, निवासी इंद्रा नगर, थाना मंडीद्वीप, जिला रायसेन
शामिल हैं। दोनों को राहुल नगर, थाना सतलापुर, जिला रायसेन से दबोचा गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें वे लगातार फरार चल रहे थे। विशेष टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
गिरफ्तारी में थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक विक्रम रजक, प्रधान आरक्षक परमानंद, आरक्षक उत्तम उचाड़िया, सृजल भार्गव, कुलदीप सिकरवार, करन सिंह, महिला आरक्षक ज्योति दुबे एवं कुमुद पाठक की विशेष भूमिका रही।








