डिजिटल सुरक्षा में बड़ी कामयाबी: नरसिंहपुर पुलिस ने एक दिन में लौटाए 111 गुम मोबाइल!”

नरसिंहपुर। 1 जनवरी 2026

नववर्ष 2026 के अवसर पर नरसिंहपुर पुलिस ने जनसेवा और डिजिटल सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए एक ही दिन में 111 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को लौटाए। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग ₹40 लाख बताई गई है। गुम मोबाइल वापस पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी और पुलिस के प्रति विश्वास साफ नजर आया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के कुशल नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोनों को तकनीकी सहायता के माध्यम से प्रदेश सहित अन्य प्रांतों से ट्रेस कर बरामद किया गया। तत्पश्चात विधिवत प्रक्रिया पूर्ण कर मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे गए।
नरसिंहपुर पुलिस द्वारा वर्ष 2025 के दौरान भी सराहनीय कार्य करते हुए लगभग ₹1.5 करोड़ कीमत के 513 गुम मोबाइल फोन उनके धारकों को लौटाए गए थे। यह उपलब्धि पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

गुम मोबाइल पतासाजी की इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अनिल अजमेरिया, प्रधान आरक्षक देवेंद्र सिंह, महिला आरक्षक कुमुद पाठक, आरक्षक भूपेंद्र, नीरज डेहरिया एवं हेमंत वाडिवा की विशेष भूमिका रही, जिनके प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल फोन आज व्यक्तिगत जानकारी और डिजिटल सुरक्षा का अहम साधन है। मोबाइल गुम होने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें तथा CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराएं, जिससे दुरुपयोग की संभावना कम हो सके।
नरसिंहपुर पुलिस ने दोहराया कि वह नागरिकों की सुरक्षा एवं सेवा के लिए 24×7 पूरी तरह तत्पर है।

 

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!